March 5, 2026

उत्तराखंड सरकार पर बरसे टिकैत


हरिद्वार ।   भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि उनका धरना अनिश्चितकालीन है। हम यहां आ गए हैं और यहां से कहीं जाने वाले नहीं है। कहा कि वो बाहर के एक भी किसान को धरने पर नहीं बुलाएंगे। उत्तराखंड राज्य की लड़ाई को उत्तराखंड के लोग ही लड़ेंगे। इसके साथ ही राकेश टिकैत सरकार और प्रशासन पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि लाठी और बंदूक की ताकत पर जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। यह पूंजीपतियों की सरकार है, इन पूंजीपतियों ने देश की जनता को बहकाकर, एक पॉलिटिकल पार्टी पर कब्जा कर लिया है।
चुनाव आयोग पर उठाए सवाल, विपक्ष को बताया ढीला
राकेश टिकैत ने बिहार में वोट काटने पर चल रही राजनीति को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग तो निष्पक्ष होता था। आज चुनाव आयोग की कोई गरिमा नहीं है। देश में आज वोट कट रहा है और वोट जुड़ रहा है लेकिन चुनाव आयोग कुछ नहीं कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में आंदोलन कर रहे विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि देश में विपक्ष ढीला है। जब तक लाठीचार्ज नहीं होंगे, विपक्ष के लोग बीस बीस महीने तक जेल नहीं जाएंगे तब तक कुछ नहीं होने वाला है। विपक्ष को बेड और एसी से बाहर निकलना होगा। रेली से कुछ नहीं होने वाला है। बड़ा आंदोलन करना ही पड़ेगा।