पहली ही बैठक में सदस्यों ने किया टेंडर प्रक्रिया का विरोध
बागेश्वर । जिला पंचायत की नव गठित बोर्ड की पहली बैठक में सभासदों ने गांव में होने वाले कार्यों को टेंडर प्रक्रिया से करने का विरोध किया है। उन्होंने संपत्ति टैक्स का भी विरोध किया। सदस्यों ने कहा कि वह लोगों के भरोसे पर खरा उतरने के लिए बोर्ड में आए हैं। अपने क्षेत्र का समुचित विकास कराने का भी संकल्प लिया। इससे पहले सात कांग्रेस सदस्यों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू हुई। इससे पहले गोपा धपोला, बलवंत नेगी, बलवंत राम, राजेंद्र नेगी, विजया कोरंगा सुंदर गड़िया तथा सरोज आर्या ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद बैठक में सभी सदस्यों ने अपना परिचय दिया। इसके बाद सदस्य जनार्दन लोहुमी ने संपत्ति टैक्स पर सवाल उठाए। संपत्ति टैक्स का सदस्यों ने विरोध किया। सदस्यों ने कहा कि संपत्ति टैक्स का उनको क्या लाभ है? इसके बाद सदस्यों ने टेंडर प्रलाणी का भी विरोध किया। गांव क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीण ही कार्य करेंगे। अभियंता ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के मद का बजट उन्हीं के अनुसार खर्च होगा। इसके साथ कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई । जिला पंचायत का भवन निर्माण, पुराने भुगतान, टैक्स, एक कॉमन सभागार शामिल थे। जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने और सुअरों को मारने के आदेश जारी हो इस पर सदन में सहमति बनी। एएमए अनिल जोशी ने कहा कि सभी सदस्यों को जिला पंचायत संबंधी सभी बायलॉज प्रिंट कर दिए जाएंगे। इस मौके पर उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, सदस्य नवीन परिहार, दीपक ख़ुल्वे, भास्कर बोरा, बसंती देव, हेमलता, कुंदन राम, ज्योति राठौर, शारदा देवी, नीमा गड़िया आदि मौजूद रह।
