March 11, 2026

डायल-112 पर त्वरित एक्शन: बैजनाथ पुलिस ने हुड़दंग मचाने वाले युवक को दबोचा

गरुड़/बागेश्वर।
जनपद बागेश्वर पुलिस लगातार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय है। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने एक युवक को गाली-गलौज और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर 2025 को कोतवाली बैजनाथ क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस आपात सेवा डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति गाली-गलौज कर शांति भंग कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि सुरेश कुमार पुत्र रमेश राम, निवासी ग्राम हरिद्वारछीना बमराडी, कोतवाली बैजनाथ खुलेआम गाली-गलौज कर हुड़दंग मचा रहा था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरेश कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर उप जिलाधिकारी गरुड़ के समक्ष चालानी कार्यवाही हेतु पेश किया।

जनपद बागेश्वर पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि समाज में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।