March 8, 2026

बागेश्वर पुलिस ने मनायी गांधी-शास्त्री जयंती, ली अहिंसा एवं स्वच्छता की शपथ

बागेश्वर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती जनपद पुलिस द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनायी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके (IPS) ने पुलिस कार्यालय में दोनों महापुरुषों के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा और शांति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महात्मा गांधी जी पूरी दुनिया में शांति और अहिंसा के पुजारी के रूप में विख्यात हैं। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए हिंसा का परित्याग कर अहिंसा और शांति का मार्ग अपनाना चाहिए। वहीं, उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री जी को सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए कहा कि शास्त्री जी का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है।

शपथ ग्रहण के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित पुलिस बल को मिष्ठान भी वितरित किया गया।

इसी क्रम में जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों एवं फायर स्टेशन प्रभारियों ने अपने-अपने परिसर में गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण कर शांति, अहिंसा एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने न केवल थाना व पुलिस परिसर की सफाई की, बल्कि आसपास की सड़कों और गलियों को भी साफ किया। इस दौरान आमजन को जागरूक करते हुए बताया गया कि स्वच्छता स्वास्थ्य, समाज और पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी को अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालकर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जनपद बागेश्वर के समस्त थाना/चौकी/शाखा प्रभारी तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।