हल्द्वानी में दशहरे पर शहर में वाहनों की नो एंट्री, ये रहा ट्रैफिक प्लान
हल्द्वानी । दशहरा पर्व को लेकर पुलिस ने यातायात और पार्किंग प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था गुरुवार दोपहर 2 बजे से दशहरा कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी। शहर क्षेत्र में सभी छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा। बरेली रोड पर हांडा तिराहा, रामपुर रोड पर आईटीआई तिराहा, कालाढूंगी रोड पर अल्मोड़ा अर्बन बैंक तिराहा और नैनीताल रोड पर नैनीताल को-ऑपरेटिव बैंक तिराहे से वाहनों को शहर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। रोडवेज सहित अन्य बसों का डायवर्जन रामपुर रोड से आने वाली सभी बसें टीपीनगर तिराहे से डायवर्ट होकर होंडा शोरूम तिराहे तक पहुंचेंगी। तीनपानी तिराहे से गौला बाईपास होते हुए नरीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज पहुंचेंगी। बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी से मंडी, होंडा शोरूम तिराहे तक आएंगी या फिर तीनपानी तिराहे से गौला बाईपास होते हुए नरीमन तिराहे के रास्ते रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगीं। कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें लामाचौड़ तिराहे से ऊंचापुल, लालडांठ तिराहे से पनचक्की, हाईडिल तिराहे से तिकोनिया, नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज तक पहुंचेंगी। रोडवेज स्टेशन से बरेली और रामपुर रोड को जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से तिकोनिया, नरीमन तिराहा, गौला बाईपास से तीनपानी होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी। छोटे वाहनों का डायवर्जन बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन तीनपानी तिराहे से गौला बाईपास, नरीमन तिराहे को जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले वाहन आईटीआई तिराहे से मुखानी, पनचक्की, हाइडिल, कॉलटैक्स तिराहे से नारीमन तिराहे से जाएंगे। कालाढूंगी रोड से आने वाले छोटे वाहन ऊंचापुल या लालडांठ तिराहे से पनचक्की, हाईडिल/कॉलटैक्स तिराहे से नरीमन तिराहे के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहन बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने के लिए नरीमन तिराहे से गौला बाईपास, तीनपानी का रास्ता लेंगे। नैनीताल रोड से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहन महारानी होटल तिराहे से डायवर्ट होकर कुल्यालपुरा और पानी की टंकी तिराहे से जाएंगे। नैनीताल बैंक तिराहे से अल्मोड़ा अर्बन बैंक और जेल रोड तिराहे के रास्ते वाहनों को निकाला जाएगा। दशहरा देखने वाले यहां पार्क करें वाहन दोपहिया वाहनों के लिए ओके होटल के सामने स्टेडियम वाली गली, सिन्धी स्वीट्स के पास मैजिक स्टैंड और तहसील परिसर हल्द्वानी में पार्किंग व्यवस्था होगी। कार पार्किंग की व्यवस्था में कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहनों के लिए पर्वतीय उत्थान मंच, रामपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए एचएन इंटर कॉलेज, नैनीताल रोड से आने वालों के लिए ठंडी सड़क और वर्कशॉप लाइन व बरेली रोड से आने वालों के लिए लक्ष्मी शिशु मंदिर और गांधी इंटर कॉलेज परिसर तय किया गया। यहां बनेंगे ऑटो और मैजिक स्टैंड भोलानाथ ऑटो स्टैंड का संचालन जेल रोड तिराहे से किया जाएगा। ओके होटल ऑटो स्टैंड का संचालन बर्फ वाली गली से होगा। सिन्धी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड एचएन इंटर कॉलेज रामपुर रोड से संचालित होंगे। रोडवेज स्टेशन तिराहा, कालाढूंगी तिराहा, ओके होटल तिराहा और सिटी चौक के बीच किसी भी प्रकार के वाहन के प्रवेश पर रोक रहेगी।
