Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 29, 2026

टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग : जनप्रतिनिधियों पर लगाया उदासीनता का आरोप


बागेश्वर ।  टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग संघर्ष समिति ने रेल मार्ग निर्माण शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। यहां हुई सभा में जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया। यही कारण है कि आज आंदोलन दम तोड़ रहे हैं। रेल आंदोलन सबसे लंबे चलने वाले आंदोलनों में एक है। अब एक बार फिर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। समिति से जुड़े लोग रविवार को तहसील परिसर में एकत्रित हुए। यहां नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वंशीधर जोशी ने कहा कि रेल आंदोलन देश में चलने वाले आंदोलनों में सबसे लंबा चलने वाला आंदोलन है। आंदोलन के प्रति जन प्रतिनिधि उदासीन हैं। यही कारण है कि आज आंदोलन दम तोड़ रहे हैं। पहले पक्ष व विपक्ष के जन प्रतिनिधि पोस्टकार्ड में उत्तर देते थे। आंदोलनों को समर्थन करते थे। आंदोलनों से अब इन्हें कोई सरोकार नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि अब समिति बड़ा आंदोलन करेगी। जब तक बागेश्वर रेल नहीं पहुंचती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। अध्यक्षता करते हुए नीमा दफौटी ने कहा कि 2004 से बागेश्वर में आंदोलन चल रहा है। 21 साल आंदोलन के बाद भी रेल मार्ग को अमली जामा नहीं पहनाया जा सका है। रेल आने से ही जिले का विकास होगा। संचालन चरण सिंह बघरी ने किया। इस मौके पर इंदिरा जोशी, केश्वानंद जोशी, प्रताप सिंह दानू, पार्वती पांडे, सरस्वती गैलाकोटी, हेमा जोशी, हरीश सोनी, विक्रम ड्योड़ी आदि मौजूद रहे।

Advertisement