निविदा की शर्तों के विरोध में ठेकेदारों ने किया प्रदर्शन
विकासनगर । विकास कार्यों की निविदाओं के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी की गई नई शर्तों के खिलाफ ठेकेदारों में आक्रोश है। सोमवार को जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर के देवभूमि ठेकेदार कल्याण समिति ने निविदा की नई शर्तों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग कार्यालय सहिया परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निविदा की शर्तों में संशोधन नहीं किया गया तो ठेकेदार कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। इससे पहले भी ठेकेदार समिति ने इस संबध में गत आठ अक्तूबर को शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने लोनिवि में पंजीकृत डी क्लास के ठेकेदारों के लिए 10 लाख की निविदाओं पर लगाई गई शर्तों को हटाने की मांग की थी। इसके बाद भी शर्तों में संशोधन नहीं किया गया। इसके बाद सोमवार को ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय साहिया में प्रदर्शन कर धरना दिया। देवभूमि ठेकेदार कल्याण समिति लोक निर्माण विभाग सहिया के अध्यक्ष बलबीर सिंह राठौर ने कहा कि निविदाओं के लिए लगाई गई शर्तों से विभाग में पंजीकृत डी क्लास के ठेकेदारों के सामने रोज़गार की समस्या खड़ी हो गई है। इन शर्तों के कारण डी क्लास के ठेकेदारों के रजिस्ट्रेशन निरस्त हो रहे हैं। ठेकेदारी में डी श्रेणी पहली सीढ़ी होती है। विभाग द्वारा डी श्रेणी के ठेकेदारों के लिए 50 प्रतिशत का टर्नओवर और अनुभव मांगा गया है। कहा कि नए ठेकेदारों के पास कहां से अनुभव व इतना टर्नओवर आएगा। कहा कि पूर्व में डी क्लास के ठेकेदारों के लिए 75 लाख तक कि निविदाओं में भी कोई शर्ते नहीं थी। कहा कि यदि विभाग हमारी मांगें पूरी नहीं करता तो विभाग कार्यालय में उग्र आंदोलन व तालाबंदी की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में समिति अध्यक्ष बलबीर सिंह राठौर, सचिव इन्दर सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष गंभीर सिंह राय, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, प्रताप राय, अर्जुन राठौर, गीता सिंह, कुन्दन सिंह चौहान, प्रताप रावत, सुनील चौहान, केशर सिंह तोमर,रणवीर चौहान, संतन सिंह तोमर, नरेश चौहान, विकेंद्र नेगी, राजेश जोशी, संदीप तोमर, स्वराज तोमर, दिनेश शर्मा, गजेंद्र चौहान, खेम सिंह चौहान, प्रीतम तोमर, गंभीर सिंह, अतर सिंह तोमर और सियाराम राठौर आदि मौजूद रहे।
