जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण — स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
बागेश्वर। नवाचार और सुधार की दिशा में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के ओपीडी, फिजिशियन रूम, एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड कक्ष, इमरजेंसी रूम, प्रसूति एवं लेबर रूम, दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, नेत्र रोग कक्ष, बाल चिकित्सा व सामान्य वार्ड सहित विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं के स्टॉक रजिस्टरों की जांच की और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से चिकित्सालय में तैनात डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति व एंबुलेंस सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अस्पताल परिसर में व्याप्त अव्यवस्था को दूर करने के लिए जिला अस्पताल के सामने स्थित अनयूज्ड भवन को ध्वस्त कर उस स्थान पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को पार्किंग की समस्या से राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में बिजली की तारों की पैनलिंग दुरुस्त करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा क्यूआर कोड रिसीप्ट मशीन की मांग पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यूआईडी के 9 हजार के निर्धारित लक्ष्य को आगामी छह महीनों में पूर्ण करने और नव-निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों की रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा, ताकि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया कि वे भी नियमित अंतराल पर अस्पताल का निरीक्षण करें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत दें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रियंका रानी, सीएमओ कुमार आदित्य, डॉ. तपन शर्मा, डॉ. दीपक कुमार सहित अन्य चिकित्सक व अस्पताल कर्मी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे का यह औचक निरीक्षण एक बार फिर यह संदेश देता है कि जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
