अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर बागेश्वर में विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया जागरूकता शिविर
बागेश्वर
मा. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस’ के अवसर पर नुमाईसखेत मैदान में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सहकारिता विभाग द्वारा संचालित सहकारिता मेले के अंतर्गत आयोजित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर श्रीमती अनीता कुमारी ने की। इस अवसर पर उपनिरीक्षक श्री सन्तोष परिहार एवं राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) कपकोट की टीम ने आपदा के समय स्वयं एवं अन्य लोगों को सुरक्षित रखने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। टीम ने डेमो स्टेशन के माध्यम से आपात स्थिति में घायलों की सहायता करने की व्यावहारिक विधियों का प्रदर्शन भी किया।
सचिव श्रीमती अनीता कुमारी ने अपने संबोधन में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के कारणों और उनके प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियाँ भी नई तरह की आपदाओं को जन्म दे रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सामूहिक जागरूकता और तैयारी आवश्यक है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विधिक सेवा प्राधिकरण की गतिविधियों की जानकारी देते हुए नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी एवं सहकारिता मेले में उपस्थित आगंतुकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रति सजगता और संवेदनशीलता विकसित करना रहा।
