August 13, 2026

डीएम कोंडे ने दिए निर्देश : आपसी तालमेल से करें कार्य, आमजन तक पहुंचे सरकार की योजनाओं का लाभई-ऑफिस लागू करने व पेपरलेस कार्यप्रणाली अपनाने पर दिया जोर

बागेश्वर । जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि जनता को सुविधाएं प्रभावी रूप से मिल सकें।

डीएम कोंडे ने कहा कि सभी का लक्ष्य जनता की समस्याओं का समाधान और उन्हें बेहतर सेवाएं प्रदान करना होना चाहिए। इसके लिए पारदर्शिता, समयबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को पेपरलेस कार्यप्रणाली अपनाने और ई-ऑफिस लागू करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों के त्वरित निस्तारण और वित्तीय नियमों के पालन की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा। कृषि, उद्यान और पर्यटन जैसे आजीविका से जुड़े विभागों को बड़े प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि अस्पतालों, विद्यालयों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और डाटा सुरक्षित रखा जाए। अधिकारियों को बिना अनुमति कार्यालय न छोड़ने तथा जनता के फोन कॉल अवश्य रिसीव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा भी की जाएगी।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टरवार जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए। डीएम ने शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों की सूची मांगते हुए फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बीस सूत्रीय कार्यक्रम में डी श्रेणी वाले विभागों को सुधार कर सी श्रेणी में आने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए और जिला योजना से प्राप्त धनराशि दिसंबर तक खर्च कर ली जाए।

बैठक में डीएफओ आदित्य रत्न, सीडीओ आर.सी. तिवारी, एडीएम एन.एस. नबियाल, सीएमओ डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, एसडीएम एल.एम. तिवारी व प्रियंका रानी, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संगीता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।