March 6, 2026

बागेश्वर में धनतेरस-दीपावली पर बदलेगा यातायात रूट प्लान: 18 से 23 अक्टूबर तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया वर्जित

बागेश्वर। धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़-भाड़ और संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने 18 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2025 तक विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस अवधि में शहर क्षेत्र में यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु कई महत्वपूर्ण रूट परिवर्तन किए गए हैं।

पर्व अवधि में भारी और टैक्सी वाहनों का प्रवेश वर्जित
त्योहारों के दौरान शहर में आमजन को राहत देने के लिए सभी भारी वाहनों व टैक्सी वाहनों का प्रवेश पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। केवल अत्यावश्यक सेवाओं से संबंधित वाहन ही नगर क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगे। टैक्सी वाहनों को भी निर्धारित स्टैंड से आगे शहर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।

रविवार को भी बंद रहेगा भारी वाहनों का प्रवेश
विशेष निर्देशानुसार 19 अक्टूबर 2025 (रविवार) के दिन भी किसी प्रकार का भारी वाहन शहर क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेगा।

डायवर्जन रूट योजना इस प्रकार होगी —

अल्मोड़ा ताकुला रोड से आने वाले वाहन
जो वाहन गरुड़ रोड की ओर जाना चाहते हैं, वे मांग का धारा से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज होते हुए जजी (नदी गांव) बाईपास और फिर द्यांगड़ से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

अल्मोड़ा ताकुला रोड से कपकोट / काण्डा / मण्डलसेरा जाने वाले वाहन
ये वाहन विलोना बाईपास से पुराने ARTO कार्यालय की ओर से अपने गंतव्य को जाएंगे।

कपकोट रोड से आने वाले वाहन
जिन्हें द्यांगड़ या गरुड़ रोड जाना है, वे आरे बाईपास से द्यांगड़ के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।

पिथौरागढ़ / काण्डा रोड से आने वाले वाहन
जो हल्द्वानी, अल्मोड़ा या ताकुला रोड की ओर जाना चाहते हैं, वे पुराने ARTO से चण्डिका रोड होते हुए विलोना बाईपास से आगे बढ़ेंगे।

पिथौरागढ़ / काण्डा रोड से गरुड़ की ओर जाने वाले वाहन
वे भागीरथी बाईपास से आरे बाईपास होते हुए द्यांगड़ / गरुड़ रोड तक जाएंगे।

गरुड़ रोड से आने वाले वाहन (हल्द्वानी / अल्मोड़ा / ताकुला की ओर जाने वाले)
ये वाहन जजी (नदी गांव) बाईपास से विक्टर मोहन जोशी इंटर कॉलेज होकर मांग का धारा बाईपास से होकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे।

गरुड़ रोड से कपकोट / काण्डा / मण्डलसेरा / पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहन
ये वाहन आरे बाईपास या मण्डलसेरा बाईपास से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

प्रशासन ने की अपील

प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात योजना का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस ने कहा है कि डायवर्जन व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस रूट प्लान का उद्देश्य दीपावली के दौरान शहर में जाम से मुक्ति, सुचारू यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु और खरीददार बिना किसी बाधा के अपनी खरीदारी व पर्व का आनंद ले सकें।