April 22, 2026

बैजनाथ पुलिस की खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति व महिला सुरक्षा पर विशेष गोष्ठी

गरुड़ (बागेश्वर)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज, गरुड़ में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को बढ़ते अपराधों, नशे की लत, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसमें पुलिस टीम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नए कानूनों की जानकारी दी तथा महिला अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा की।

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सभी को फाइनेंशियल फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, व्हाट्सएप हैकिंग जैसे मामलों से सतर्क रहना चाहिए। इस दौरान साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आपातकालीन नंबर 112, 1090 सहित गौरा शक्ति, पब्लिक आई और उत्तराखण्ड पुलिस एप की जानकारी भी दी गई।

इसके साथ ही छात्रों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके आदर्शों और दूरदर्शिता से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि सरदार पटेल की नीतियों और एकता के प्रति समर्पण से ही “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का सपना साकार हुआ।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।