यातायात नियम तोड़ने वालों पर बागेश्वर पुलिस की सख्ती, काली फिल्म लगाने वालों पर हुई कार्रवाई
बागेश्वर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर/कपकोट के पर्यवेक्षण में जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2025 को जनपद भर में पुलिस टीमों ने कुल 41 वाहन चालकों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की, जिनमें से 01 वाहन को सीज किया गया तथा 05 वाहनों का कोर्ट चालान किया गया।
कोतवाली बागेश्वर क्षेत्र में पुलिस ने वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों पर विशेष कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान तीन वाहनों को रोका गया और मौके पर ही काली फिल्म हटाकर चालान काटा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहनों पर काली फिल्म न केवल अवैध है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है। यह दृश्यता को कम करती है और दुर्घटना की संभावना बढ़ाती है।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों और सवारियों को यातायात नियमों के पालन व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
बागेश्वर पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
