March 3, 2026

अनाथ बच्चों की मदद के लिए पुलिस ने बढ़ाए हाथ 

रुद्रप्रयाग,  ( आखरीआंख ) खुदखुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त करने वाले मुकेश पंवार के बच्चों की पढ़ाई एवं परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन रुद्रप्रयाग कोतवाली पुलिस करेगी। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह की यह सराहनीय पहल है, जिसकी जिले में प्रशंसा की जा रही है। जिले में तैनाती से लेकर अब तक एसपी सिंह गरीब व निराश्रित लोगों की मदद के लिए कई तरह की स्कीम चला चुके हैं, जिसका लाभ जरूरतमंदों को मिल रहा है।
दरअसल, बीते चार जनवरी को ग्राम सुमाड़ी निवासी मुकेश पंवार लापता हो गया था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता ने ने दर्ज करवाई। मुकेश के लापता होने के बाद उसकी पत्नी ममता देवी ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पांच फरवरी को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे के नौलापानी के पास मन्दाकिनी नदी में मुकेश का शव तैरता हुआ मिला। मुकेश और उसकी पत्नी के मौत के कारणों की जांच में पुलिस जुटी हुई है, लेकिन पति-पत्नी दोनों की असामयिक मृत्यु के बाद उनके दोनों नाबालिग बच्चे अनाथ एवं अकेले हो गये हैं। मुकेश की बेटी सृष्टि दस साल एवं बालक ईशान आठ साल का है, जिनका पालन-पोषण दादा-दादी द्वारा किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने गरीब परिवार की मदद को हाथ आगे बढ़ाते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रदीप सिंह बिष्ट सहित अपने अधीनस्थ स्टाॅफ को बच्चों के घर भेजा और बच्चों व उनके दादा-दादी का हालचाल जाना। पुलिस टीम की ओर से घर की आवश्यक जरूरतों का सामान और आर्थिक सहायता के रूप में नगद धनराशि दी गयी। एसपी अजय सिंह ने बताया कि गरीब व निराश्रित लोगों की मदद के लिए पुलिस प्रशासन हर समय तत्पर है। उन्होंने कहा कि कोतवाली रुद्रप्रयाग की ओर से मुकेश के दोनो बच्चों की भविष्य की पढ़ाई एवं परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन निरन्तर रुप से किया जाएगा। कहा कि मुकेश पंवार एवं उनकी पत्नी ममता देवी के मृत्यु के कारणों के संबंध में जांच व विवेचना कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा गहनता से की जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जायेगा।