दिल्ली ब्लास्ट के बाद बागेश्वर पुलिस हाई अलर्ट पर, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान जारी
बागेश्वर। दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद पूरे उत्तराखंड पुलिस प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में बागेश्वर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस टीमों द्वारा धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति और वाहन की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। दोपहिया से लेकर चौपहिया तक सभी वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है, ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर से ओझल न रह सके।
जनपद को जोड़ने वाले सभी प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने और हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी बागेश्वर श्री घोडके ने कहा कि— “जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
बागेश्वर पुलिस का यह सतर्क रुख आम जनता में सुरक्षा की भावना जगाने के साथ-साथ अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश देता है कि जिले में कानून व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
