March 17, 2026

बागेश्वर में कक्षा दस की छात्रा की मौत से गांव शोक में डूबा


बागेश्वर ।   पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में कक्षा दस में पढ़ने वाली एक नाबालिग की अचानक मौत हो गई। स्कूल से आने के बाद से वह पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। जब तब परिजन उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लिया। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक गांव की कक्षा दस की छात्रा मंगलवार को स्कूल से अपने घर आई। देर शाम उसे पेट दर्द की शिकायत हुई। उसने खाना भी नहीं खाया और सो गई। रात एक बजे फिर से उसे पेट दर्द हुई। बुधवार की सुबह उसे सीएचसी कांडा ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना कांडा थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष दिनेश पंत ने बताया कि इस मामले में किसी ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं सौंपी है। अलबत्ता पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।