March 7, 2026

बागेश्वर की आंतरिक सुरक्षा की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

बागेश्वर। जनपद की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की ठोस योजना तुरंत तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार के माध्यम से भारत सरकार को भेजी जानी है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए सौंपे गए कार्यों को शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

डीएम ने विभागों से जनपद में उपलब्ध कुल पुलिस बल, सुरक्षा अधिकारियों, संसाधनों का पूरा ब्योरा, वन क्षेत्रों, नदियों व जल निकायों के आसपास स्थित संवेदनशील व आर्सेनिक/फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों की सूची, सरकारी व गैर-सरकारी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, अस्पतालों, खाद्य गोदामों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी संभावित आपात स्थिति के लिए भोजन, पेयजल, दूरसंचार और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारियों की अद्यतन रिपोर्ट विभाग जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं। डीएम ने साफ चेताया कि यह कार्य केवल औपचारिकता नहीं है बल्कि जिले की शांति, सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का आवश्यक तंत्र है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, सीओ अजय शाह समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।