Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 25, 2026

उत्तरायणी मेला 2026 को भव्य स्वरूप देने की तैयारी शुरू, जिलाधिकारी ने ली पहली बैठक

बागेश्वर। उत्तरायणी मेला 2026 को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में पहली तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने मेले को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस वर्ष उत्तरायणी मेला विशेष भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी विभाग अभी से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने मेले की सज्जा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी दुकानों पर एक समान फ्लैक्सी बोर्ड लगाए जाएँ और स्टॉलों को एकरूपता में स्थापित किया जाए, ताकि मेले की सुंदरता और आकर्षण बढ़े।

सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने नगरपालिका को सफाई व्यवस्था मजबूत करने, मुख्य स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन, अलाव एवं स्थायी शौचालयों में पर्याप्त कार्मिक तैनात करने के निर्देश दिए।
जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त स्टैंडपोस्ट लगाने और पुलिस विभाग को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी पुख्ता करने को कहा गया।

यातायात और विद्युत आपूर्ति रहेगी दुरुस्त

परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
वहीं विद्युत विभाग और उरेडा को मेले के दौरान निरंतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के लिए कहा गया।
इसके अलावा मेले में प्रस्तावित अस्थायी पुलों के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

मेला बागेश्वर की पहचान: शिव सिंह बिष्ट

दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तरायणी मेला बागेश्वर की सांस्कृतिक पहचान है और इसकी भव्यता बढ़ाने में सभी विभागों के साथ-साथ स्थानीय जनता की भागीदारी जरूरी है।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, एसडीएम प्रियंका रानी, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement