Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 10, 2026

महाराष्ट्र में 20 साल बाद साथ आए उद्धव और राज ठाकरे, मिलकर लड़ेंगे बीएमसी चुनाव


मुंबई । महाराष्ट्र में 20 साल बाद शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे साथ आ गए हैं। उन्होंने बुधवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगले साल होने वाले बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनावों में साथ उतरने का फैसला किया है। हालांकि, अभी सीट की घोषणा नहीं की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ठाकरे भाईयों ने अपनी-अपनी पत्नियों और बेटों के साथ शिवाजी पार्क में बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ने कहा, अगर हम लड़ते रहे तो यह हुतात्मा का अपमान होगा। कोई भी मुंबई को मराठी मानुष से नहीं छीन सकता। भाजपा ने तब कहा था बटेंगे तो काटेंगे। अब मैं मराठी मानुष को चुनौती दे रहा हूं, अगर वे अब लड़खड़ाए तो वे विभाजित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मराठी अस्मिता की विरासत को न छोड़ें, अगर लोग टूट गए तो बिखर जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम एकसाथ रहने के लिए साथ आए हैं।
राज ठाकरे ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, महाराष्ट्र किसी भी गलतफहमी या लड़ाई से बड़ा है। हमारी शुरुआत यहीं से हुई है। हम यहां यह बताने के लिए नहीं आए हैं कि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। आज की बैठक के बाद हम अन्य निगमों के लिए घोषणा करेंगे, लेकिन मुंबई का महापौर मराठी होगा और हमारी पार्टी से ही होगा। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकने आए हैं।
दोनों पार्टियां मुंबई के अलावा ठाणे, मीरा भायंदर, कल्याण डोंबिवली और नासिक सहित 5 प्रमुख नगर निगमों में एक साथ चुनाव लड़ेंगी। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने बताया था कि उद्धव और राज ठाकरे मुंबई के अलावा पुणे, नासिक और कल्याण-डोम्बिवली जैसे स्थानों पर भी रैलियां कर सकते हैं। बीएमसी चुनाव के लिए नामांकन 30 दिसंबर 2025 तक होंगे। बीएमसी की 227 सीटों समेत 29 महानगर पालिकाओं के लिए मतदान 15 जनवरी को और परिणाम 16 जनवरी को आएंगे।

Advertisement