Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 13, 2026

कौसानी होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित, गजेन्द्र मेहरा बने अध्यक्ष

बागेश्वर । कौसानी होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का मंगलवार को गठन हुआ। नवीन कार्यकारिणी में सर्वसम्मति से गजेन्द्र मेहरा को अध्यक्ष तथा हरेंद्र चिलवाल को सचिव चुना गया। विनय तिवारी को उपाध्यक्ष, सुमित नेगी को उपसचिव और आर. सी. चौधरी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं मनोज अरोड़ा, बलवंत नेगी, मनोज पांडेय और बी. डी. जोशी को संरक्षक नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत फूल-मालाओं के साथ किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बलवंत नेगी ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने लगभग 15 वर्षों तक कौसानी होटल एसोसिएशन का नेतृत्व किया। वर्तमान में वे जिला पंचायत कौसानी और जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष जैसे दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जिसके कारण समय की व्यस्तता रहती है। इसी वजह से उन्होंने एसोसिएशन का दायित्व नए और ऊर्जावान नेतृत्व को सौंपते हुए संरक्षक के रूप में सहयोग और मार्गदर्शन देने की बात कही। नव-निर्वाचित अध्यक्ष गजेन्द्र मेहरा ने कहा कि कौसानी में पर्यटन और होटल व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं को शासन और प्रशासन के स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कौसानी को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए ‘कनेक्ट कौसानी’ जैसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। सचिव हरेंद्र चिलवाल ने कहा कि कौसानी को डिजिटल प्रचार की सख्त जरूरत है और आधुनिक तकनीक व डिजिटल माध्यमों के जरिए पर्यटन को नई पहचान दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उपसचिव सुमित नेगी ने कहा कि वे युवा सोच और दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ कौसानी को एक सशक्त पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्य करेंगे। उपाध्यक्ष विनय तिवारी ने कौसानी के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। कोषाध्यक्ष आर. सी. चौधरी ने एसोसिएशन के वित्तीय प्रबंधन को पारदर्शी और मजबूत बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

You may have missed

Advertisement