March 16, 2026

अमानक व नकली दवाओं पर प्रहार: बागेश्वर में विशेष अभियान के तहत औचक निरीक्षण, तीन मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई


बागेश्वर । जनपद को नशा मुक्त बनाने तथा अमानक (NSQ) एवं नकली (Spurious) दवाओं की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सख़्त रुख अपनाया गया है। जिलाधिकारी महोदया के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में दिनांक 12 जनवरी 2026 को जनपद बागेश्वर में “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के अंतर्गत एक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया, जिसके तहत औषधि प्रशासन ने मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की।
अभियान के दौरान औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा जनपद के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वैध लाइसेंस की उपलब्धता, पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनिवार्य उपस्थिति में औषधियों का क्रय-विक्रय, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था, तथा एक्सपायरी दवाओं के पृथक और सुरक्षित रखरखाव जैसी महत्वपूर्ण शर्तों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही मनः प्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों, बिलों एवं नारकोटिक औषधियों के वितरण संबंधी प्रावधानों की भी समीक्षा की गई, तथा इन्हें केवल विधिवत चिकित्सकीय पर्चे पर ही उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान तीन मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन एवं अन्य अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित फर्मों को सात दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। औषधि प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में नियमों का अनुपालन न होने की स्थिति में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के अंतर्गत संबंधित लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की जाएगी। इसके अतिरिक्त चार औषधियों के नमूने जांच हेतु राज्य औषधि विश्लेषण शाला को भेजे गए हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता और मानकों की पुष्टि की जा सके।
औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने इस अवसर पर कहा कि अमानक एवं नकली दवाओं की रोकथाम औषधि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसी दवाएं न केवल रोगियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था और दवाओं पर जनविश्वास को भी गहरी क्षति पहुंचाती हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस प्रकार की प्रवर्तन कार्यवाहियां जनपद में निरंतर जारी रहेंगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।