Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

उत्तरायणी मेले में रोमांच का तड़का, हॉट एयर बैलून बना आकर्षण का केंद्र

बागेश्वर । सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक व सांस्कृतिक नगरी बागेश्वर में आयोजित उत्तरायणी मेला हर दिन नए आयाम गढ़ रहा है। मेले को और अधिक आकर्षक, आधुनिक एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सरयू बगड़ में पहली बार हॉट एयर बैलून शो का भव्य आयोजन किया गया। नीले आसमान में तैरते रंग-बिरंगे हॉट एयर बैलून ने स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों का भी मन मोह लिया।

इस विशेष आयोजन का विधिवत शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कुंदन परिहार तथा उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उत्तरायणी मेला केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हॉट एयर बैलून जैसे नवाचारी आयोजनों से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और बागेश्वर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी।

मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए नगर पालिका एवं जिला प्रशासन द्वारा खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। नुमाईशखेत मैदान में जहां स्टार नाइट कार्यक्रमों के माध्यम से प्रसिद्ध गायक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं, वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता, गोला क्षेपण, आर्म रेसलिंग, पारंपरिक दंगल, कला एवं संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम, अल्पना (ऐपण) व मेहंदी प्रतियोगिताएं तथा स्थानीय स्वाद को प्रोत्साहित करने हेतु कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

हॉट एयर बैलून शो को देखने के लिए प्रातःकाल से ही सरयू बगड़ में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आमजन का मानना है कि इस तरह के आधुनिक और रोमांचक प्रयोग उत्तरायणी मेले को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ बागेश्वर को पर्यटन मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाएंगे.।

You may have missed

Advertisement