बागेश्वर–गरुड़ विकास पथ पर प्रशासन की सख़्त निगरानी: मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का लिया गहन जायज़ा
गरुड, बागेश्वर। जनपद में विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी श्री आर.सी. तिवारी ने आज बागेश्वर से गरुड़ तक विभिन्न विभागों द्वारा संचालित निर्माण योजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लघु सिंचाई, सिंचाई विभाग तथा ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लघु सिंचाई विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024–25 में निर्मित एवं प्रगतिरत योजनाओं का निरीक्षण करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने खोली, सेल्टा तथा कमेडी चीर गधेरा में निर्मित चेकडैम कार्यों का परीक्षण किया। उन्होंने इन योजनाओं को जल संरक्षण और स्थानीय कृषि आवश्यकताओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण गुणवत्ता पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा संपादित कार्यों की समीक्षा के क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज रवाईखाल में अतिरिक्त कक्षों की मरम्मत, आईटीआई कमेडी में प्रशासनिक भवन के जीर्णोद्धार तथा हेलीपैड में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शैक्षिक एवं सार्वजनिक अवसंरचना से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त सिंचाई विभाग, बागेश्वर के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का भी निरीक्षण किया गया। इनमें जिला योजना के तहत ग्राम थकलाड-बमराड़ी में शिव मंदिर के समीप घाट निर्माण, द्यांगण नहर का जीर्णोद्धार, खोली स्थित गोपेश्वर मंदिर के पास नदी तट पर सुरक्षात्मक कार्य, दैवीय आपदा मद के अंतर्गत मन्यूड़ा नहर मरम्मत, आपदा न्यूनीकरण योजना के तहत पंचगड़ी गधेरे में आवासीय भवनों की सुरक्षा से जुड़े कार्य तथा बैजनाथ में कालिका मंदिर के समीप सुरक्षा दीवार निर्माण शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री तिवारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि प्रगतिरत निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने चेताया कि निर्माण में लापरवाही या मानकविहीन कार्य पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बागेश्वर, प्रभारी अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग बागेश्वर, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग बागेश्वर, सहायक अभियंता लघु सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
