March 27, 2026

संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल: बैजनाथ पुलिस ने एकल वरिष्ठ नागरिकों का हालचाल लेकर जगाई सुरक्षा की नई चेतना


गरुड़, बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशानुसार जनपद में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत दिनांक 08 फरवरी 2026 को कोतवाली बैजनाथ क्षेत्र में पुलिस की मानवीय और उत्तरदायी छवि देखने को मिली। बीट आरक्षी मनोज राम ने ग्राम दर्शानी में एकल जीवन व्यतीत कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर जाकर उनसे भेंट की, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे वे स्वयं को ठगी और साइबर जालसाजों से सुरक्षित रख सकें।
बीट भ्रमण के दौरान पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक और कानूनी विषयों पर जागरूक करते हुए यातायात नियमों के पालन तथा सड़क पर सुरक्षित चलने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लेने की अपील की गई और ड्रग्स के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की चेतावनी, तथा महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को नए कानूनों की प्रमुख धाराओं और उनके महत्व से भी परिचित कराया गया, ताकि समाज में विधि के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना सुदृढ़ हो सके।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें। बागेश्वर पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि वह जनसुरक्षा और जनसेवा के अपने संकल्प के साथ सदैव जनता के बीच, जनता के साथ और जनता के लिए तत्पर है।