Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 12, 2026

कीवी की हरियाली और क्रिकेट की चमक: बागेश्वर की दो प्रतिभाओं को मिला ‘नंदा शिखर सम्मान’


बागेश्वर। पहाड़ की मिट्टी से उगती मेहनत और मैदान में चमकती प्रतिभा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब जिले के ‘कीवी मैन’ के रूप में विख्यात भवान सिंह कोरंगा और प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर प्रेमा रावत को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा प्रतिष्ठित ‘नंदा शिखर सम्मान’ से अलंकृत किया गया। देहरादून में आयोजित गरिमामय समारोह में यह सम्मान भवान सिंह कोरंगा ने स्वयं तथा प्रेमा रावत की ओर से उनके परिजनों ने प्राप्त किया, जिससे पूरे जनपद में गौरव और प्रसन्नता की लहर दौड़ गई।
उल्लेखनीय है कि दोनों प्रतिभाओं को इससे पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। अब राज्यपाल के हाथों यह सम्मान प्राप्त करना उनके उल्लेखनीय योगदान की व्यापक स्वीकृति का प्रमाण बनकर सामने आया है।
पूर्व प्रधानाचार्य भवान सिंह कोरंगा ने सेवानिवृत्ति के बाद अपने पैतृक गांव शामा में कीवी की खेती का प्रयोग शुरू किया था। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अथक परिश्रम से इस प्रयोग को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुंचाया। आज उनकी प्रेरणा से बागेश्वर कीवी उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। उनके खेतों में प्रतिमाह लगभग 200 कुंतल से अधिक कीवी का उत्पादन होता है, जबकि उनकी नर्सरी में प्रतिवर्ष लगभग दस हजार पौध तैयार किए जाते हैं। उनके प्रयासों से अनेक युवाओं और महिलाओं को रोजगार मिला है तथा कई परिवारों ने कीवी उत्पादन से जुड़कर रिवर्स पलायन की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए हैं। अपने कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। कोरंगा ने बताया कि भविष्य में वे पांच एकड़ भूमि में कीवी के नए पौधे लगाने की योजना बना रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों और तोकों के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा।
वहीं कपकोट के दूरस्थ गांव सुमटी की बेटी प्रेमा रावत ने अपने संघर्ष और प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। गांव के साधारण मैदान से क्रिकेट की शुरुआत करने वाली प्रेमा आज महिला क्रिकेट में एक सशक्त नाम बन चुकी हैं और वर्तमान में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम से खेल रही हैं। लेग स्पिनर और ऑलराउंडर के रूप में उनकी पहचान निरंतर मजबूत हो रही है। समारोह में उनका सम्मान उनके चाचा जौहार सिंह रावत ने ग्रहण किया।
जनपद की इन दो विशिष्ट प्रतिभाओं को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए जाने पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, विधायक पार्वती दास और सुरेश गढ़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान न केवल दो व्यक्तित्वों की उपलब्धि है, बल्कि पूरे बागेश्वर के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय बनकर उभरा हैं।

Advertisement