September 30, 2026

24 घंटे में बैजनाथ पुलिस की बड़ी सफलता: लूटकांड का पर्दाफाश, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार


गरुड, बागेश्वर । जिले के गरुड़ क्षेत्र में हुई लूट की घटना का बैजनाथ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री चन्द्रशेखर घोडके (आईपीएस) के निर्देशन में संचालित इस त्वरित कार्रवाई ने कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की सजगता और तत्परता का परिचय दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को गरुड़ क्षेत्र में लूट की घटना सामने आई थी। वादी की तहरीर के आधार पर 5 फरवरी को कोतवाली बैजनाथ में एफआईआर संख्या 03/2026 दर्ज की गई, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक के पर्यवेक्षण में कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम को तत्काल खुलासे के लिए लगाया गया।
पुलिस टीम ने सघन सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 5 फरवरी को दो अभियुक्तों को लूटी गई धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हर्षित लोहनी निवासी ग्राम दर्शानी तथा मनीष सिंह मेहरा उर्फ थापू निवासी तैलीहाट, कोतवाली बैजनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं और दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूट की गई 10 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिनमें विभिन्न थानों में पहले से दर्ज कई मुकदमे शामिल हैं।
इस पूरे अभियान में उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, उपनिरीक्षक उमेश रजवार सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना आसान नहीं।