February 8, 2026

शादी के लिए युवती का किया अपहरण, मना करने पर सिर फोड़ा


हल्द्वानी ।   वनभूलपुरा निवासी एक युवक ने क्षेत्र की ही रहने वाली युवती का शादी के लिए अपहरण कर लिया। आरोपी उसे गौला नदी की ओर ले गया। युवती के विरोध करने पर उसके सिर पर पत्थरों से वार कर घायल कर दिया। युवती बमुश्किल जान बचाकर किसी तरह वापस लौटी। युवती की दादी की तहरीर पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में कहा गया कि जवाहर नगर, वनभूलपुरा का रहने वाला अन्ना नाम का युवक लंबे समय से उनकी पोती को परेशान कर रहा है। पोती जब भी अपने काम से बाहर निकलती है तो युवक उसका पीछा करता है और शादी करने के लिए दबाव डालता है। रास्ते में अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ भी करता है। दादी के अनुसार, बीते शनिवार को उनकी पोती दुकान से कुछ सामान लेने के लिए घर से निकली तो आरोपी ने उसका पीछा किया और जबरन अपने साथ गौला नदी की ओर ले गया। उस पर शादी करने का दबाव बनाकर डराता रहा। जब उनकी पोती ने विरोध किया तो युवक ने सिर पर पत्थरों से वार कर दिया। घायल अवस्था में युवती भागकर घर पहुंची। उसे बेस अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। एसएचओ वनभूलपुरा डीएस फत्र्याल ने बताया कि मामले में आरोपी अन्ना के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।