July 18, 2026

भारत ने अपने नागरिकों को तत्काल किसी भी हालत में ईरान छोड़ने को कहा, तेहरान पर अमेरिकी हमले की आशंका बढ़ी


तेहरान । तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को तत्काल किसी भी हालत में ईरान छोड़ देने को कहा है। इसे लेकर भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों से कहा है कि वह किसी भी हालत में आज ईरान छोड़ दें। भारत की इस एडवाइजरी के बाद ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका और अधिक बढ़ गई है।
भारतीय दूतावास ने 23 फरवरी को जारी चेतावनी में कहा है कि भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2026 को जारी की गई एडवाइजरी के क्रम में और ईरान में विकसित हो रही मौजूदा स्थितियों को देखते हुए वर्तमान में ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटकों) को उपलब्ध परिवहन साधनों (व्यावसायिक उड़ानों व अन्य) के जरिये आज ही ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है।
14 जनवरी 2026 को जारी सलाह को दोहराते हुए दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक और पीआईओ (भारतीय मूल के व्यक्ति) उचित सावधानी बरतें, विरोध प्रदर्शन या प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहें, ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें तथा किसी भी विकास के लिए स्थानीय मीडिया की निगरानी करते रहें। ईरान में सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेज, जिसमें पासपोर्ट और आईडी शामिल हैं, हमेशा अपने पास तैयार रखें। इस संबंध में किसी भी सहायता के लिए वे भारतीय दूतावास से संपर्क करें।

You may have missed