March 7, 2026

अपर निदेशक सोन ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण


बागेश्वर ।  गजेंद्र सिंह सोन, अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल नैनीताल, शनिवार को जिले के भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राइंका बोहाला और काफलीगैर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जिले में बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। उन्होंने स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां की व्यवस्थाएं भी जांचीं।शनिवार को आयोजित उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। हाईस्कूल विज्ञान विषय में पंजीकृत 3196 परीक्षार्थियों में से 3151 ने परीक्षा दी, जबकि 45 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के व्यावसायिक विषयों में आईटीईएस में पंजीकृत सभी 18 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। ऑटोमोटिव में 50 में से 47, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी में 60 में से 59 तथा ब्यूटी एंड वेलनेस में 52 में से 49 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। एग्रीकल्चर विषय में पंजीकृत सभी 21 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।