लंबे समय से फरार वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार, बैजनाथ पुलिस की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता
गरुड़, बागेश्वर। जनपद में अपराधियों की धरपकड़ और न्यायालय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोतवाली बैजनाथ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही पतारसी-सुरागरसी के परिणामस्वरूप लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त जितेन्द्र मोर्या, निवासी साकेत कॉलोनी हल्द्वानी (जनपद नैनीताल), माननीय न्यायालय गरुड़ में विचाराधीन वाद संख्या 10/2025 एवं 11/2025 (धारा 138 एनआई एक्ट) से संबंधित मामलों में काफी समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध वारंट जारी किए गए थे, जिसके अनुपालन में पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने सटीक सूचना और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 06 मार्च 2026 को हल्द्वानी से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के पश्चात अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत 07 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था के प्रति सतर्कता और फरार अभियुक्तों के विरुद्ध जारी सख्त अभियान का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।
