March 10, 2026

रवाईंखाल में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार


बागेश्वर ।  बागेश्वर वन क्षेत्र के रवाईखाल में एक गुलदार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन कर्मी मौके पर पहुंचे और गुलदार को रेंज कार्यालय ले आए। यहां पशुपालन विभाग के डॉक्टरों ने उसका मेडिकल किया। गुलदार को उसके प्राकृतिक आवास पर भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि जिले के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों गुलदार का आतंक बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने रवाईखांला, मजियाखेत, चौगांवछीना में पिंजरे लगाए हैं। शनिवार रात एक गुलदार रवाईंखाल में पिंजड़े में फंस गया और कैद होते ही वह जोर-जोर से गुर्राने लगा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना के बाद रेंजर केवलानंद पांडेय, वन आरक्षी चंदन राम, वन बीट अधिकारी हेम चंद्र पाठक, विनोद भट्ट, दीपक, दरबान आदि रविवार की सुबह मौके पर पहुंचे। इसके बाद गुलदार को रेंज कार्यालय बागेश्वर लाए। यहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रेंजर पांडे ने बताया कि गुलदार स्वस्थ है। मादा गुलदार की उम्र सात साल के करीब है। अब उसे प्राकृतिक आवास पर छोड़ा जाएगा। गुलदार पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।