मासिक समीक्षा बैठक में डीएम सख्त
बागेश्वर । जिले में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने मासिक समीक्षा बैठक लेते हुए विभिन्न विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में राजस्व वसूली, सड़क सुरक्षा, खाद्यान्न की गुणवत्ता और अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लक्ष्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग तय समय सीमा में परिणाम सुनिश्चित करें।
बागेश्वर के कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से ओवर स्पीडिंग और ओवरलोडिंग के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, पुलिस विभाग और एआरटीओ को नियमित निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सड़क सुरक्षा के मानकों का प्रभावी पालन हो सके।
जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत राजस्व लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही बिना फिटनेस के वाहन संचालन, बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और स्कूली बसों की सघन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा सड़क निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं को रोड सेफ्टी मानकों के अनुरूप स्पीड लिमिट बोर्ड और आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए शीघ्र राजस्व लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए, वहीं नगर निकायों को भी राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सस्ता गल्ला गोदामों और सरकारी योजनाओं के तहत वितरित किए जा रहे खाद्यान्नों की नियमित जांच और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि जनता तक गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम, शिक्षा विभाग, अभियोजन विभाग और समाज कल्याण विभाग को पॉक्सो तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए एक्टिविटी आधारित कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। वहीं आबकारी विभाग को अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल सहित सभी उपजिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
