Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

नशे के अवैध कारोबार पर बागेश्वर पुलिस का प्रहार, दो स्थानों से अवैध शराब बरामद कर आरोपित गिरफ्तार


बागेश्वर। जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर पूरे जनपद में अवैध नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत थाना क्षेत्रों में निरंतर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कपकोट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पालीडुंगरा निवासी 52 वर्षीय नंदन सिंह पुत्र हिम्मत सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस संबंध में थाना कपकोट में एफआईआर संख्या 11/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
वहीं दूसरी ओर थाना काण्डा पुलिस ने होटल और ढाबों की चेकिंग के दौरान काण्डा पड़ाव क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब परोसने का मामला पकड़ा। पुलिस ने मन्तोली निवासी 36 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र लछम सिंह को अपने रेस्टोरेंट में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में थाना काण्डा में एफआईआर संख्या 03/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) और 21 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार तथा सार्वजनिक स्थानों और होटलों में अवैध रूप से शराब पिलाने की गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती से जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement