March 13, 2026

गरुड़ में पत्रकारों की नई टीम तैयार: चंद्रशेखर बड़सीला अध्यक्ष, कृष्णा गढ़िया महासचिव चुने गए


गरुड़, बागेश्वर। तहसील पत्रकार संगठन गरुड़ में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन कर पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में क्षेत्र के पत्रकारों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई कार्यकारिणी का चयन किया तथा भविष्य में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से चंद्रशेखर बड़सीला को तहसील पत्रकार संगठन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि दिनेश नेगी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के महासचिव पद पर कृष्णा गढ़िया का चयन किया गया। इसके अलावा विपिन जोशी को उप सचिव, भगवत नेगी को कोषाध्यक्ष तथा अनिल पांडे को सम्प्रेक्षक की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन की मजबूती और मार्गदर्शन के लिए वरिष्ठ पत्रकार रमेश चंद्र पांडेय ‘बृजवासी’ और अर्जुन राणा को संरक्षक नामित किया गया, जबकि अखिल जोशी और जगदीश पांडे को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों ने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य समाज और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सामने लाना है। पत्रकारों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगले माह संगठन की विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत समारोह आयोजित कर संगठन की आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।