घरेलू गैस के दामों में अचानक बढ़ोतरी के खिलाफ उठी आवाज़, प्रधानमंत्री को भेजा गया ज्ञापन
बागेश्वर, गरुड । जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में हुई अचानक और अनियंत्रित बढ़ोतरी को लेकर जनभावनाएँ उभर कर सामने आई हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड क्रांति दल के ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट ग्रीश कोरंगा व जिला युवा अध्यक्ष भास्कर बोरा सहित पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी गरुड़ के माध्यम से प्रेषित किया है। ज्ञापन में कहा गया है कि घरेलू गैस के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि ने देश के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में देश में ऐसी कोई आपात स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है, जिसके कारण गैस के दामों में इस प्रकार की अचानक बढ़ोतरी की जाए। इससे आम जनता की रसोई का बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और परिवारों की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
उत्तराखण्ड क्रांति दल के जिला पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि घरेलू गैस के दामों में की गई इस अनियंत्रित बढ़ोतरी को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस विषय में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जनता के हितों की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर आंदोलन भी किया जा सकता है।
उत्तराखंड के बागेश्वर में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। उत्तराखण्ड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी गरुड़ के माध्यम से भेजते हुए गैस कीमतों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
