धारानौला बस स्टेशन से बस लेकर भागा युवक, पुलिस ने पकड़ा
अल्मोड़ा । धारानौला बस स्टैंड से एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा बस लेकर भागने की घटना में पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। पुलिस जवान ने बस का पीछा कर कर्बला तिराहा के पास उसे रोक लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार शनिवार को धारानौला बस स्टैंड पर हल्द्वानी जाने के लिए एक बस यात्रियों के साथ खड़ी थी। इसी दौरान बस का चालक और परिचालक पास के एक होटल में भोजन करने चले गए और बस की चाबी वहीं छोड़ गए। इसका फायदा उठाकर एक संदिग्ध व्यक्ति बस में जाकर चालक की सीट पर बैठ गया और बस को स्टार्ट कर उसमें सवार पांच यात्रियों को लेकर हल्द्वानी की ओर निकल पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही बस के चालक और परिचालक ने तुरंत चौकी धारानौला को सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल आसिफ हुसैन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिचालक को साथ लेकर बस का पीछा किया। पुलिस जवान की तत्परता के चलते बस को कर्बला तिराहा के पास सुरक्षित तरीके से रोक लिया गया। बस चला रहे व्यक्ति की पहचान अब्दुल अमीर खान (लगभग 28 वर्ष) पुत्र मोहम्मद अब्दुल अमीर निवासी भवाली, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चौकी धारानौला लाया और पूछताछ के बाद उसके परिजनों को बुलाकर पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
