March 26, 2026

बागेश्वर की 2.930 किलो चरस कोटद्वार में बरामद , दो नशा तस्कर गिरफ्तार


कोटद्वार ।  पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने बीईएल रोड के पास से दो नशा तस्कर दबोचे। उनके कब्जे से कुल 2.930 किलोग्राम चरस बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने बीईएल रोड के पास दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 2.93 किलो चरस बरामद की। आरोपियों की पहचान मानपुर निवासी दलजीत सिंह बिष्ट व विजय सिंह के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर कोतवाली लाकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने व स्वयं नशे के आदी होने के कारण वे चरस तस्करी में संलिप्त थे। वे यह चरस बागेश्वर निवासी एक व्यक्ति से लाकर क्षेत्र में बेचने लाए थे। आरोपी दलजीत वर्ष 2020 में बागेश्वर में 1.1 किग्रा चरस के साथ गिरफ्तार हो चुका है। वर्ष 2023 में उसे 10 वर्ष की सजा हुई थी और वर्तमान में वह उच्च न्यायालय से जमानत पर है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में कोटद्वार थाना क्षेत्र में 676 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया था।