September 21, 2026

खुपी की खामोशी को चीर गई चीख: भवाली रोड पर दर्दनाक बस हादसा, एक की मौत, सात घायल


नैनीताल। जनपद नैनीताल के भवाली रोड स्थित खुपी क्षेत्र में शुक्रवार प्रातः एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। 27 मार्च 2026 की सुबह लगभग 07:27 बजे आपदा कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी, जिसमें चालक के अनुसार करीब 15 से 16 लोग सवार थे।
एसडीआरएफ टीम ने अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान सात घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। हालांकि इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर सघन सर्चिंग अभियान भी चलाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी यात्री बस के भीतर या आसपास फंसा न रह जाए। इस दुखद घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात की चुनौतियों और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।