June 16, 2026

परिश्रम की चमक से रोशन भविष्य : एसडीएम कांडपाल ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


गरुड़, बागेश्वर । ज्ञान और अनुशासन की गरिमा से परिपूर्ण वातावरण में आयोजित वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह उस समय प्रेरणा के उत्कर्ष में परिवर्तित हो गया, जब उप जिलाधिकारी वैभव कांडपाल ने विद्यार्थियों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि “कड़ी मेहनत ही वह अमोघ साधन है, जिससे हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।” खोलिया विवेकानंद इंटर कॉलेज, गरुड़ में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में कांडपाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन की महत्ता समझाते हुए कहा कि संघर्ष और समर्पण से अर्जित सफलता ही जीवन में स्थायी ऊँचाइयाँ प्रदान करती है। उन्होंने अपने छात्र जीवन के प्रेरणादायक संस्मरण साझा करते हुए बच्चों को यह संदेश दिया कि निरंतर प्रयास ही उत्कृष्टता की कुंजी है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब एवं पुस्तकालय का निरीक्षण कर शैक्षिक व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
समारोह में जूनियर वर्ग की टॉपर प्रतीक्षा जोशी और सीनियर वर्ग की टॉपर प्रियाशी रावत सहित विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शत-प्रतिशत परीक्षाफल सुनिश्चित करने हेतु आचार्य सुरेश चंद्र जोशी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र जोशी ने अनुशासन को सफलता का आधार बताते हुए कहा कि यह गुण ही व्यक्ति को महानता के शिखर तक पहुँचाता है। कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर बड़सीला ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर उमेश जोशी, दीप तिवारी, श्यामाचरण पाटनी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।

You may have missed