15वें दिन भी आंदोलन पर डटी रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जिप सदस्य भाष्कर बोरा का समर्थन
बागेश्वर । अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना गरुड़ व कपकोट में जारी है। गरुड़ में चल रहे आंदोलन को उत्तराखंड क्रांतिदल ने भी अपना समर्थन दिया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता वह चुप नहीं रहेंगी। सरकार पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया है। गरुड़ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले 15 दिनों से जारी इस विरोध प्रदर्शन को अब विभिन्न राजनैतिक दलों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस के बाद, अब उत्तराखंड क्रांति दल ने भी खुलकर इस आंदोलन का समर्थन किया है। यूकेडी यूथ के बागेश्वर जिलाध्यक्ष भास्कर बोरा अपनी कार्यकारिणी के साथ धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मांगों को जायज ठहराते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। बोरा ने कहा कि सरकार इतने कम मानदेय पर कार्यकर्ताओं से अत्यधिक काम ले रही है, जबकि समाज, बच्चों और महिलाओं के उत्थान में इनका योगदान अतुलनीय है। हीरा सिंह नेगी ने कहा कि सरकार मातृ शक्ति की मांगों को अनदेखा कर रही है और राज्य में नशे के कारोबार को बढ़ावा देने में व्यस्त है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष, आंगनवाड़ी संगठन बिमला कोहली, कैलाश चंदोला, विनोद पांडे, रेशमा देवी, अनीता देवी, मंजू, रेखा वर्मा, कमला देवी, प्रेमा देवी, ममता, दया, रमा भरड़ा, चम्पा खोलिया आदि मौजूद रहे।
