April 29, 2026

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पति और ससुर गिरफ्तार


नई टिहरी ।   सांकरी गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस के अनुसार सांकरी गांव निवासी गौरव राणा की पत्नी पूनम (22) की 25 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता शिव सिंह बिष्ट निवासी बनौली गांव ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी कारण उसकी हत्या की गई है। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 26 अप्रैल को मृतका के पति गौरव राणा, ससुर कुंवर सिंह राणा और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बताया कि सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में और स्पष्टता आएगी जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की गहनता से जांच की जा रही है।