May 18, 2026

गरुड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी


बागेश्वर, गरुड ।   विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना 28वें दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ता वेतन वृद्धि, टेक होम राशन की नियमित आपूर्ति, बढ़ते डिजिटल वर्कलोड में कमी और रिटायरमेंट राशि बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बताया कि फरवरी माह का मानदेय अभी तक पूर्ण रूप से नहीं मिला है, जिससे केंद्रों के संचालन पर असर पड़ रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि टेक होम राशन समय पर और पूर्ण मात्रा में उपलब्ध नहीं हो रहा है। कई बार एक्सपायरी सामग्री देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रों के गैस सिलेंडर उनके निजी नाम पर दर्ज होने के कारण घरेलू और केंद्र के उपयोग में दिक्कत हो रही है, साथ ही सिलेंडरों की किल्लत भी बनी हुई है। कार्यकर्ताओं ने आधार कार्ड को केंद्र के गैस कनेक्शन से अलग करने की मांग उठाई। धरने में शामिल सुनीता गोस्वामी, आनंदी बड़सीला और पार्वती देवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रही हैं, लेकिन उन्हें कार्रवाई की चेतावनी वाले पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी प्रकार की धमकी से डरने वाली नहीं हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राशन की आपूर्ति कई बार अनियमित रहती है और देर शाम तक सड़क किनारे छोड़ दी जाती है, जिससे परेशानी बढ़ती है। उन्होंने सरकार से समयबद्ध और व्यवस्थित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।