September 23, 2026

बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


बागेश्वर ।  कंधार-परकोटी-पथरखानी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर परकोटी के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। ग्राम प्रधान चंपा देवी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि कंधार-परकोटी-पथरखानी मोटर मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो मनाखेत, परकोटी और सिरकोट ग्राम सभाओं को जोड़ता है। यही मार्ग तहसील एवं जिला मुख्यालय के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का प्रमुख साधन भी है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन करीब तीन हजार लोग इस सड़क से आवाजाही करते हैं, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं और सुरक्षा दीवारें भी क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो चुकी हैं। सड़क की खराब हालत के चलते वाहन चालक भी इस मार्ग पर वाहन चलाने से कतरा रहे हैं।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा कार्य कराने की मांग की। इस दौरान विनोद देवली, शंकर दत्त शर्मा, हीरा बल्लभ जोशी, रमेश चंद्र शर्मा, राजेंद्र सिंह, आनंद सिंह, गोपाल दत्त तथा बलवंत सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।