June 20, 2026

शिविरों में उमड़ी भीड़, सैकड़ों लोगों को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी


बागेश्वर, गरुड । केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद के गरुड़ एवं बागेश्वर विकासखंड में जनकल्याणकारी शिविरों और विकास योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया।
गरुड़ के रामलीला मैदान में नगर पंचायत द्वारा आयोजित शिविर में दर्जा प्राप्त मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में पशुपालन, बाल विकास, वन, पंचायती राज, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता, आयुष, समाज कल्याण, शिक्षा, उद्यान, जल संस्थान, डेयरी विकास, उद्योग, सेवायोजन, जिला पूर्ति, पेयजल निगम तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने 212 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनकी समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान किया।
इसी क्रम में विकासखंड बागेश्वर सभागार में भी जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने की। शिविर में क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। आजीविका मिशन, पशुपालन एवं बाल विकास विभाग के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों ने भी अपने स्टॉल लगाए।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अचार, जूस, दालें, जड़ी-बूटियां और अन्य स्थानीय उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाकर स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों का प्रदर्शन किया। जनपद स्तरीय अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
शिविरों के दौरान लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं और शिकायतों का संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया। प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।