Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के उपशामक चिकित्सा कार्य को ई-हॉस्पिस लंदन में मिली पहचान


अल्मोड़ा ।  सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग द्वारा संचालित दर्द एवं उपशामक चिकित्सा सेवाओं पर आधारित कार्य को विश्व की प्रतिष्ठित उपशामक चिकित्सा संस्था ई-हॉस्पिस, लंदन (यूके) में प्रकाशित किया गया है। इसे संस्थान, उत्तराखंड और विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। ई-हॉस्पिस विश्व स्तर पर हॉस्पिस एवं उपशामक चिकित्सा के क्षेत्र का प्रमुख डिजिटल मंच है, जहां विभिन्न देशों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को स्थान दिया जाता है। प्रकाशित रिपोर्ट में पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में दर्द एवं उपशामक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, समर्पित ओपीडी एवं वार्ड की स्थापना, गृह आधारित सेवाओं तथा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों का उल्लेख किया गया है। इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राचार्य प्रो. सी.पी. भैसोड़ा ने एनेस्थीसियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. उर्मिला पलारिया, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आदित्य कुमार चौहान और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर संस्थान के कार्य को स्थान मिलना शिक्षा, शोध और रोगी सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि संस्थान के चिकित्सकों और संकाय सदस्यों को और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी तथा भविष्य में भी संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगा।

You may have missed

Advertisement