June 22, 2026

लापता बालक की तलाश को लेकर पुलिस चौकी का घेरा


रुद्रपुर ।   संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक बालक का कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने रविवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में पुलिस चौकी पहुंचकर घेराव किया। उन्होंने पुलिस से बालक को सकुशल बरामद करने की मांग की। तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। रम्पुरा वार्ड संख्या-21 निवासी जगदीश राठौर ने बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र शिव उर्फ पल्लू शनिवार दोपहर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों समेत सभी संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बालक के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों ने आशंका जताई कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। परिजनों के साथ चौकी पहुंचे पूर्व विधायक ठुकराल ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बालक की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस को सभी आवश्यक प्रयास करने चाहिए, ताकि परिवार को जल्द राहत मिल सके। इस दौरान मीना, रामगोपाल राठौर, राहुल, धर्मेंद्र, राजू, करण, रितेश, पुष्पा देवी, आकाश, विद्या देवी, चमेली देवी, रमेश, सतीश, बबलू, महेश, पूजा, कुंवर पाल और कांति देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।