वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के कथित अपमान पर बागेश्वर में विरोध प्रदर्शन, भाजपा विधायक का पुतला फूंका
बागेश्वर। स्वतंत्रता सेनानी के कथित अपमान के विरोध में संघर्ष वाहिनी, बागेश्वर के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसबीआई परिसर के समीप भाजपा विधायक का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक को तत्काल भाजपा से निष्कासित किए जाने की मांग उठाते हुए राज्य सरकार से इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की।
संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों का अपमान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व को ऐसे जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
जिला प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कथित टिप्पणी सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों के विपरीत है तथा संबंधित विधायक के विरुद्ध संगठन और पार्टी स्तर पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में विजय परिहार (जिला महासचिव), नवनीत बिष्ट (जिला संगठन महामंत्री), संस्कार भारती, वीरेंद्र सिंह नेगी, विशाल रावत, रिजवान खान, चेतन बोरा, अजीत भारती सहित संघर्ष वाहिनी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
