ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई, तीन संदिग्ध व्यक्तियों का चालान
बागेश्वर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन “कालनेमि” एवं ऑपरेशन “प्रहार” के तहत बागेश्वर कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चेकिंग और पूछताछ की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन ऐसे व्यक्तियों को हिरासत में लेकर सत्यापन किया, जो अपनी पहचान, गतिविधियों तथा आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेजों के संबंध में संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके। संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने पर तीनों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
