July 17, 2026

देहरादून में छात्रों के बीच राहुल गांधी: ‘99% छात्र ईमानदार हैं, लेकिन 1% भ्रष्ट लोग उनका भविष्य छीन रहे हैं’

देहरादून । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ खुला संवाद किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, बेरोज़गारी, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। कई युवाओं ने भर्ती परीक्षाओं में बार-बार होने वाले पेपर लीक, नियुक्तियों में देरी और बढ़ती बेरोज़गारी को लेकर चिंता जताई। छात्रों का कहना था कि वर्षों की मेहनत के बावजूद अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है।

संवाद के दौरान राहुल गांधी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में लगभग 9 करोड़ युवा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन उनमें से केवल करीब 6 लाख युवाओं को ही सफलता मिलती है। यानी हर 150 युवाओं में से सिर्फ एक ही अपने लक्ष्य तक पहुंच पाता है।

उन्होंने कहा कि इतनी कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच भी देश के अधिकांश युवा ईमानदारी से मेहनत करते हैं। उनके अनुसार, “देश के सामने दो रास्ते हैं—पहला ईमानदारी का और दूसरा भ्रष्टाचार तथा पेपर लीक का। देश के 99 प्रतिशत छात्र ईमानदारी के रास्ते पर चलते हैं, लेकिन 1 प्रतिशत लोग सिस्टम का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करते हैं और लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य खराब कर देते हैं।”

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं केवल परीक्षा प्रणाली की विफलता नहीं हैं, बल्कि उन लाखों युवाओं के सपनों पर सीधा प्रहार हैं, जो वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पूरी पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्तियां और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि युवाओं का भरोसा व्यवस्था पर बना रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने गुणवत्तापूर्ण और सस्ती शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली, समय पर सरकारी भर्तियां और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई। राहुल गांधी ने छात्रों की बातों को ध्यान से सुनते हुए कहा कि युवाओं की आवाज़ को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सर्वोच्च महत्व मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए।

देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को युवाओं के साथ सीधे संवाद की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उत्तराखंड में लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और बेरोज़गारी जैसे मुद्दे चर्चा का विषय रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह संवाद राज्य के युवाओं की चिंताओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाने की एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।