आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं होगी बर्दाश्त
बागेश्वर । उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका संगठन की बागेश्वर जिला इकाई का गठन कर कार्यकर्ताओं की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया। सर्वसम्मति से लीला आर्य को जिलाध्यक्ष चुना गया। शिखा जोशी को उपाध्यक्ष, रहिला तबस्सुम को ब्लॉक अध्यक्ष, देवकी रावल को कोषाध्यक्ष, पूनम देवी को महामंत्री, दीपिका को सचिव और गीता पांडेय को मीडिया प्रभारी बनाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को सशक्त बनाने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया। इससे पहले उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बेहद कम मानदेय में कई विभागों की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
